UPSC IAS 2019 Mains Exam Date: 20 सितम्बर से शुरू होगी आईएएस मुख्य परीक्षा
संघ लोक सेवा आयोग की यूपीएससी सिविल सेवा मुख्य परीक्षा 20 सितम्बर से शुरू होगी। 29 सितम्बर तक चलने वाली इस परीक्षा में इस बार खासकर समसामयिक मुद्दों पर आधारित प्रश्न पूछे जाएंगे। इसमें प्रमुख रूप से पहले पेपर में भारतीय इतिहास एवं संस्कृति, विश्व भूगोल एवं समाज विषय पर प्रश्न पूछे जाएंगे। दूसरे पेपर में शासन व्यवस्था, संविधान, राजस्थान, सामाजिक न्याय एवं अंतरराष्ट्रीय संबंध तथा तीसरे पेपर में प्रौद्योगिकी, आर्थिक विकास, जैव विविधता, पर्यावरण, सुरक्षा तथा आपदा प्रबंधन से जुड़े प्रश्न पूछे जाएंगे। बीते सालों में प्रारंभिक परीक्षा में समसामयिक मुद्दों से संबंधित प्रश्नों का अच्छा अनुपात रहा है। इसलिए छात्रों को जरूरी है कि वे समसामयिक अध्ययन के लिए उचित पुस्तकों का चयन करें और उनका योजनाबद्ध तरीके से अध्ययन करें। यह भी आवश्यक है कि शुरुआत में उच्चस्तरीय किताबों के बदले छात्र उन किताबों से अध्ययन करें, जिनमें सरल व बुनियादी जानकारी दी गई हो। एनसीईआरटी और एनआईओएस की पुस्तकें भी ऑनलाइन उपलब्ध हैं।
इन मुद्दों पर पूछे जा सकते हैं प्रश्न
सुखाड़िया विश्वविद्यालय में सहायक आचार्य और प्रतियोगी परीक्षा केन्द्र के निदेशक डॉ. गिरिराज सिंह चौहान ने बताया कि समसामयिक मुद्दों में यूनिर्सल बेसिक आय, इंडो-पेसेफिक क्षेत्र एवं भारत, संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद के सुधार एवं भारत, आर्कटिक परिषद और उसका भविष्य तथा जी-20 बैठक व इसके निष्कर्ष से जुड़े प्रश्न पूछे जा सकते हैं। इसके अलावा अंतरिक्ष में हथियारों का प्रयोग, शंघाई सहयोग संगठन एवं भारत, भारत में विकलांगों के लिए कल्याण के प्रयास, फेक न्यूज व इससे निपटने के तरीके, स्टार्टअप कार्यक्रम एवं उसकी उपलब्धियां तथा भारत एवं केन्द्रीय एशिया संबंध से जुड़े प्रश्न पूछे जाने की संभावना है। साथ ही भारत की नई डिफेंस स्पेस रिसर्च एजेंसी, जलशक्ति मंत्रालय, नई शिक्षा नीति, आर्थिक सर्वेक्षण 2018-19, आसियान एवं इंडो पेसेफिक आउटलुक व फेनी पुल सबसे अहम करंट मुद्दे हैं।


0 Comments